अपना आधार कार्ड अपडेट करवाइए 14 जून तक बिल्कुल मुफ्त, ये रहेगी प्रक्रिया

आधार कार्ड आजकल एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज बन गया है, चाहे सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो या स्कूल-कॉलेज में दाखिला लेना हो। हाल ही में, UIDAI ने नागरिकों के लिए निर्देश जारी किए हैं कि जिन व्यक्तियों का आधार कार्ड 10 साल या इससे ज्यादा पुराना है, वे जल्द से जल्द इसे अपडेट कर लें। इसके लिए UIDAI मुफ्त आधार कार्ड अपडेट की सुविधा दे रहा है।

अपडेट की समयसीमा बढ़ाई गई

यूनीक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (UIDAI) ने आधार कार्ड को मुफ्त में अपडेट करने की समयसीमा कई बार बढ़ाई है। पहले यह तारीख 14 मार्च थी, जिसे अब बढ़ाकर 14 जून 2024 कर दिया गया है। यदि आप अपने आधार को ऑनलाइन अपडेट करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए है।

आधार कार्ड अपडेट कैसे करें?

आधार कार्ड अपडेट करने के लिए सबसे पहले आपको UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट uidai.gov.in पर जाना होगा। वहां माय आधार पोर्टल पर जाएं और अपना आधार नंबर और रजिस्टर मोबाइल नंबर से प्राप्त ओटीपी दर्ज करके लॉगिन करें।

आगे के चरणों में आपको जानकारी चेक करनी होगी और उसके बाद बने चेकबॉक्स पर क्लिक करना होगा। यदि आपको डेमोग्राफिक डिटेल अपडेट करनी है, तो ड्रॉपडाउन मेनू में उपलब्ध डॉक्यूमेंट को चुनें और मांगे गए डॉक्यूमेंट अपलोड कर दें।

एक बार डॉक्यूमेंट अपलोड करने पर, आपकी आधार जानकारी अपडेट हो जाएगी। इसके लिए आपसे किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।