दिल्ली के मौसम में एक बार फिर आने वाला है बदलाव, बरसात के साथ साथ मौसम विभाग ने दी लू की चेतावनी

दिल्ली एनसीआर में अगले सात दिनों के दौरान मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश और तेज हवा की चेतावनी जारी की है। साथ ही, आने वाले दिनों में लू चलने की भी संभावना है।

ताजा पश्चिमी विक्षोभ का असर
22 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर दिल्ली एनसीआर पर भी दिखाई देगा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है और इस दौरान तेज रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में लू चलने की भी चेतावनी जारी की है।

तापमान में मामूली राहत
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार की तुलना में शनिवार को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री था, जबकि शनिवार को यह 37.2 डिग्री रहा। हालांकि, न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से अधिक है।

बूंदाबांदी और तेज हवा के आसार
अगले तीन दिनों में तेज हवा चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। सोमवार (22 अप्रैल) और मंगलवार (23 अप्रैल) को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

लू का प्रभाव
मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों में लू चलने की आशंका जताई है। इस दौरान लोग उमस भरी गर्मी का सामना कर सकते हैं। मंगलवार और बुधवार से तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक रहने की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार को फिर तेज हवा चलने की संभावना है, जिसके चलते तापमान 40 डिग्री के करीब रह सकता है। 26 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है।