दिल्ली के साथ साथ उत्तर भारत के मौसम में आने वाला है बदलाव, क्या लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत

उत्तर भारत में मौसम ने बदलाव का संकेत दिया है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह की हवाएं ठंडी रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। पहले 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने वाला तापमान अब 38 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है।

दिन के मौसम की जानकारी
दिन के दौरान मौसम साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाएं चलती रहेंगी। कल, 10 मई को, मौसम में और बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने 10 से 12 मई के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है।

तापमान में होगी गिरावट
आईएमडी के अनुसार, इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में और गिरावट हो सकती है।

हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, और राजस्थान में भी बारिश की संभावना
दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां पर बारिश और आंधी की संभावना है।

यूपी में भी गर्मी से मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। गुरुवार से रविवार, यानी 12 मई तक, अलीगढ़, बागपत, बाराबंकी, लखनऊ, फतेहपुर, इटावा, लखीमपुर, मथुरा, प्रयागराज और नोएडा समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।