देश में पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है ईद का त्योहार, जामा मस्जिद पर नमाज पढ़ने के लिए लाखों की तादाद में जमा हुए लोग

ईद का त्‍योहार पूरे देश में गुरुवार को हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है। भाईचारे और एकता की मिसाल पेश करने वाले इस त्‍योहार को देशभर के मुसलमान भाई-बहन पूरे उत्‍साह और खुशी के साथ मना रहे हैं। ईद के मौके पर देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में लोग मस्जिद में जाकर नमाज अदा कर रहे हैं। इस मौके पर दिल्‍ली स्थित जामा मस्जिद में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाइयां देते दिखे। आम से लेकर खास तक सभी में इस त्‍योहार को लेकर उत्‍साह देखा जा रहा है।

राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं
इससे पहले राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईद-उल-फितर के मौके पर नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। मुर्मू ने कहा, ‘एकता और सद्भाव बढ़ाने वाला यह पर्व हमें क्षमा एवं दान करने की शिक्षा भी देता है। ईद गरीबों और बेसहारा लोगों की मदद करने तथा उनके साथ खुशियां बांटने का अवसर है। यह त्‍योहार हमें शांतिपूर्ण जीवन जीने तथा समाज की खुशहाली और समृद्धि के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।’ राष्‍ट्रपति ने आगे अपने संदेश में कहा, ‘आइए, ईद के पवित्र त्‍योहार पर प्रेम, करुणा और परोपकार के मानवीय आदर्शों का प्रसार करें।’ दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री ने भी देशवासियों को बधाई दी है। उन्‍होंने कहा, ‘ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि यह अवसर करुणा, एकजुटता और शांति की भावना को और फैलाए। सभी लोग खुश और स्वस्थ रहें। ईद मुबारक।’

देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है त्‍योहार
ईद की धूम दिल्‍ली से लेकर मुंबई तक में है। दिल्‍ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में ईद के खास मौके पर बड़ी तादाद में नमाजियों ने नमाज अदा की। इस दौरान जामा मस्जिद में अभूतपूर्व उत्‍साह और खुशी के साथ चहल-पहल देखी गई। लोग एक-दूसरे को ईद की बधाई देते दिखे। दूसरी तरफ, मुंबई में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिदों में जाकर नमाज पढ़ी। आर्थिक नगरी की माहिम मस्जिद में बड़ी तादाद में श्रद्धालु जुटे।