दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) राजधानीवासियों के लिए एक नई और बड़ी योजना लेकर आ रहा है। इस योजना के तहत दक्षिणी दिल्ली की प्राइम लोकेशन वसंत कुंज सेक्टर D6 में 118 रेजिडेंशियल प्लॉट्स की ई-नीलामी की जाएगी। ये प्लॉट उन लोगों के लिए सुनहरा मौका हो सकते हैं जो दिल्ली जैसे मेट्रो शहर में अपना आशियाना बनाने का सपना देखते हैं।
प्लॉटों की सीमा तय करेगी प्रोफेशनल एजेंसी
DDA ने इन प्लॉटों की पहचान और विकास के लिए एक अनुभवी एजेंसी को नियुक्त करने का फैसला किया है। यह एजेंसी न केवल प्लॉट्स की सीमा तय करेगी, बल्कि आसपास की सड़कों, सीवरेज, जल निकासी और अन्य जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को भी विकसित करेगी। इसके लिए DDA ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मेगा हाउसिंग ब्लॉक्स को मिलेगी पार्किंग की राहत
D6 वसंत कुंज में पहले से मौजूद गंगा, यमुना, नर्मदा और सरस्वती ब्लॉक में रहने वाले 1,904 परिवारों के लिए DDA ने पार्किंग स्पेस विकसित करने की योजना बनाई है। इसके तहत चिन्हित जगहों पर पार्किंग स्पॉट तैयार किए जाएंगे जिससे लोगों को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी।
12 महीनों में पूरा होगा प्रोजेक्ट, 3 महीने प्लानिंग के लिए
इस प्रोजेक्ट को 365 दिन में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। योजना और डिजाइन पर 3 महीने, जबकि निर्माण कार्य पर 9 महीने का समय तय किया गया है। योजना में निम्न कार्य शामिल होंगे:
- नालियों और सीवरेज लाइन का निर्माण
- बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था
- ड्राइववे और फुटपाथ तैयार करना
- पार्क और लॉन में पेवर ब्लॉक लगाना
- कचरा और मलबा हटाना
पर्यावरण का भी रखा जाएगा पूरा ध्यान
प्रोजेक्ट की लागत लगभग 7.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिसे CPWD के दिशा-निर्देशों और NGT (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के नियमों के अनुसार लागू किया जाएगा। टेंडर में स्पष्ट कहा गया है कि बिना वन विभाग की अनुमति के कोई पेड़ काटा या शिफ्ट नहीं किया जाएगा। सभी पर्यावरणीय विकल्पों का विश्लेषण कर दस्तावेज़ में रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा।
क्या है आपके लिए मायने?
दिल्ली जैसे शहर में जहां जमीन का टुकड़ा मिलना भी मुश्किल होता है, वहां DDA की यह योजना आम नागरिकों के लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकती है। साथ ही, पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं के बेहतर इंतजाम से वसंत कुंज के स्थानीय निवासियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
दिल्ली में घर का सपना देख रहे हैं? तो DDA की इस योजना पर नजर बनाए रखें — जल्द ही खुलेगी ई-नीलामी की प्रक्रिया।
