दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बड़ी घोषणा की है, जिसके तहत 60 साल और उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों को पूरी तरह से मुफ्त इलाज मिलेगा। “संजीवनी योजना” नामक इस योजना का उद्देश्य बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, चाहे उनकी आय किसी भी स्तर की हो। इस योजना के तहत सरकारी और प्राइवेट दोनों प्रकार के अस्पतालों में इलाज मुफ्त किया जाएगा।
चुनाव के बाद शुरू होगा रजिस्ट्रेशन
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनाव के बाद इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। “हमारे कार्यकर्ता आपके घर आएंगे, रजिस्ट्रेशन करेंगे और फिर इलाज की सारी जिम्मेदारी सरकार लेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना में कोई भी वर्ग के लोग, चाहे अमीर हों या गरीब, लाभ उठा सकेंगे।
सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में मिलेगा इलाज
केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ केवल सरकारी अस्पतालों तक सीमित नहीं रहेगा। बुजुर्गों को प्राइवेट अस्पतालों में भी इलाज कराने की स्वतंत्रता होगी, और सरकार सभी खर्चों का वहन करेगी।
एक नई उम्मीद के साथ बुजुर्गों के लिए वादा
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस योजना के तहत उनका उद्देश्य बुजुर्गों के स्वास्थ्य की चिंता करना है और उन्हें इस जीवन के पड़ाव में स्वस्थ रखने की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी। केजरीवाल ने इसे एक व्यक्तिगत वादा बताते हुए कहा, “इस योजना के जरिए मैं आपके बुढ़ापे में आपके स्वस्थ रहने की जिम्मेदारी पूरा करूंगा। बदले में, आप मुझे आशीर्वाद देना।”
इस योजना को लेकर बुजुर्गों में उम्मीद की एक नई किरण जगाई गई है, जो उनके इलाज को लेकर अक्सर चिंतित रहते हैं।
