दिल्ली में 27 साल का रिकॉर्ड टूटा: दिसंबर में अगले 3 भारी बारिश,

दिल्ली में शुक्रवार को हुई बारिश ने 1997 के बाद दिसंबर में 27 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह 8:30 बजे तक 11.3 मिमी और शाम तक 31.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे कुल आंकड़ा 42.7 मिमी तक पहुंच गया। जबकि, दिसंबर में औसतन 8.1 मिमी बारिश होती है। शुक्रवार को हुई बारिश सामान्य से पांच गुना ज्यादा रही।

तीन दिनों का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। शनिवार को अधिकतम तापमान 15°C और न्यूनतम 12°C रहने की संभावना है। कोहरे के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, रविवार से बारिश कम होने और घने कोहरे की वापसी की संभावना है।

क्यों हुई इतनी बारिश?

विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में बने चक्रवातीय परिसंचरण के कारण यह बारिश हुई। दिल्ली के साथ-साथ पूरे उत्तर भारत में बारिश और पहाड़ों पर हिमपात ने ठंड को बढ़ा दिया है।

सीजन का सबसे ठंडा दिन

शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 14.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6°C कम है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.1°C था, जिससे 24 घंटे में 10°C की गिरावट आई। लगातार बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया है।

यातायात पर बारिश का असर

बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 165 उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें 140 घरेलू और 25 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें थीं। उड़ानों में 30 मिनट से लेकर तीन घंटे तक की देरी हुई।

इसके अलावा, महरौली और ईस्ट ऑफ कैलाश में विशालकाय पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कों पर लंबा जाम लग गया।

प्रदूषण में मामूली सुधार

भारी बारिश के बावजूद दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) “गंभीर” श्रेणी में रहा। शुक्रवार सुबह AQI 371 था, जो शाम तक सुधरकर 353 हुआ। हालांकि, नेहरू नगर, ओखला और सिरीफोर्ट जैसे इलाकों में AQI 400 के पार रहा। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में प्रदूषण में और कमी आएगी।

दिल्ली में रिकॉर्ड बारिश, ठिठुरन और कोहरे के कारण लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का कहर और बढ़ सकता है। ऐसे में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।