दिल्ली, हरियाणा से अभी नहीं जाएगी गर्मी, मौसम विभाग ने बताया आज कहां पहुंचा पारा

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में लोगों को लू से कोई राहत नहीं मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले तीन से चार दिनों तक दिन का मौसम अत्यधिक गर्म रहेगा। दिल्ली में हीटवेव के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

सुबह से ही झुलसाने वाली गर्मी
नई दिल्ली: केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर बरकरार है। सुबह के 9 बजे ही ऐसा महसूस होने लगता है जैसे दोपहर का समय हो। इस तपती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक सोमा सेन रॉय ने इस बारे में विस्तृत जानकारी दी है।

20240617 1602395774052671957385684

हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट
सोमा सेन रॉय ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश में लू चलने की प्रबल संभावना है। हीटवेव के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों में बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में भी प्रचंड गर्मी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अनुमान है कि यह स्थिति तीन से चार दिनों तक बनी रहेगी।

बिहार और झारखंड में रेड अलर्ट
प्रचंड गर्मी को ध्यान में रखते हुए बिहार और झारखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही, पूर्वोत्तर भारत में भी गर्मी के तेवर कड़े हो सकते हैं। उत्तर प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक रेड अलर्ट रहेगा। पंजाब और हरियाणा में कल से ऑरेंज अलर्ट लागू होगा। यहां पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

तापमान 47 डिग्री तक पहुंचा
दिल्ली के लिए आज और कल रेड अलर्ट जारी किया गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप है। कई स्थानों पर तापमान 45 से 47 डिग्री तक दर्ज किया जा रहा है।

इस स्थिति को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है और अत्यधिक धूप में निकलने से बचने की चेतावनी दी गई है।