भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR समेत हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। रविवार को दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम में देश का सबसे अधिक तापमान है।
लू के थपेड़ों से झुलस रही दिल्ली
लगातार तीसरे दिन दिल्ली को गरम हवाओं ने झुलसाया। रविवार को नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से सात डिग्री ज्यादा है। IMD ने सोमवार और मंगलवार को घातक गर्मी के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 22 और 23 मई को ऑरेंज अलर्ट रहेगा। अनुमान है कि दिल्ली में 25 मई तक तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच रहेगा।

दिल्ली में तापमान का हाल
दिल्ली (सफदरजंग) में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली में मंगेशपुर, नजफगढ़ और पीतमपुरा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। वहीं, चार अन्य स्थानों पर यह 46 डिग्री से अधिक रहा।
गर्म हवाओं का कारण
विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय थार और पाकिस्तान से लगातार गर्म हवाएं दिल्ली पहुंच रही हैं। इसकी वजह से गर्मी कम नहीं हो रही है। इन गर्म हवाओं को रोकने वाला कोई वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय नहीं है, जिससे राहत नहीं मिल पा रही है।

मॉनसून की दस्तक
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, जो भारतीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा है, ने रविवार को देश के दक्षिणी छोर पर दस्तक दे दी है। IMD के अनुसार, मॉनसून दक्षिण अंडमान सागर और निकोबार द्वीप तक पहुंच चुका है। इसके 31 मई तक केरल पहुंचने की उम्मीद है। पिछले साल मॉनसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 मई को पहुंचा था, लेकिन केरल में 9 दिन की देरी से 8 जून को पहुंचा था। इस साल मॉनसून 1 जून से पहले केरल में दस्तक दे सकता है, जिसमें 4 दिन की कमी या अधिकता की गुंजाइश रहती है।
भीषण गर्मी और मॉनसून की दस्तक के बीच दिल्ली-NCR के लोग सतर्क रहें और गर्मी से बचने के उपाय अपनाएं।