दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। रेड लाइन (रिठाला-शहीद स्थल न्यू बस अड्डा गाजियाबाद) और ब्लू लाइन (द्वारका सेक्टर 21-नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली) की 75 पुरानी मेट्रो ट्रेनों में अब पुराने LED स्क्रीन की जगह आधुनिक LCD आधारित डिस्प्ले सिस्टम लगाए जा रहे हैं।
यह नया सिस्टम यात्रियों को न केवल अगले स्टेशन और समय की जानकारी देगा, बल्कि ऑडियो और वीडियो के जरिए ट्रैवल से जुड़ी जरूरी अलर्ट्स भी देगा। इससे मेट्रो का सफर पहले से ज्यादा स्मार्ट और सुविधाजनक हो जाएगा।
पुराने रूट मैप होंगे रिटायर, अब आएगा हाईटेक डिस्प्ले
पहले मेट्रो गेट्स के ऊपर लगे रूट मैप और LED स्क्रीन यात्रियों को सीमित जानकारी देते थे। अब उनकी जगह पर एलसीडी डिस्प्ले सिस्टम लगेगा जो बताएगा:
- अगला स्टेशन कौन-सा है
- किस साइड के दरवाजे खुलेंगे
- कितने समय बाद स्टेशन आएगा
- ऑडियो-वीडियो अलर्ट के ज़रिए सेफ्टी और गाइडलाइन
अब तक 30 ट्रेनों में यह सिस्टम इंस्टॉल किया जा चुका है और बाकी 45 ट्रेनों में 2027 तक इंस्टॉलेशन का काम पूरा कर लिया जाएगा।
स्टेशन पर लगे पीआईडीएस भी होंगे अपग्रेड
ट्रेनों के अलावा अब मेट्रो स्टेशनों पर लगे यात्री सूचना डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) भी बदले जा रहे हैं। एनसीआर के 289 मेट्रो स्टेशनों पर कुल 1462 PIDS लगे हैं जो ट्रेनों की टाइमिंग, प्लेटफॉर्म और कोच की जानकारी देते हैं।
- हाल ही में वायलेट लाइन (कश्मीरी गेट से जनपथ) के 7 स्टेशनों के 44 डिस्प्ले अपग्रेड किए गए।
- येलो लाइन (GTB नगर से कुतुब मीनार) के 18 स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म के 72 और कांकोर्स एरिया के 38 डिस्प्ले अपग्रेड हो रहे हैं।
सफर में टेक्नोलॉजी का तड़का
डीएमआरसी का यह कदम राजधानी में मेट्रो सफर को और अधिक डिजिटल, स्मार्ट और यात्रियों के अनुकूल बनाने की दिशा में है। नए डिस्प्ले सिस्टम यात्रियों को अपडेटेड, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देंगे
