दिल्ली का हेरीटेज पार्क जल्द ही बनने वाला है आकर्षण का केंद्र, एंट्री फीस होगी इतनी कम..

दिल्ली का चौथा वेस्ट टू आर्ट पार्क, हेरीटेज पार्क, जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। आचार संहिता लागू होने से पहले ही इसका उद्घाटन किया गया है। अब निगम ने प्रवेश शुल्क की घोषणा कर दी है। यह शुल्क वेस्ट टू वंडर पार्क के समान ही होगा।

प्रवेश शुल्क

एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तीन साल तक के बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क है। 3 से 12 साल के बच्चों के लिए 25 रुपये का शुल्क है। 12 से 65 साल के आयु वर्ग के लिए 50 रुपये का शुल्क होगा। 65 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए प्रवेश निशुल्क है। सप्ताहांत में शुल्क दोगुना हो जाता है।

कबाड़ से बनी ऐतिहासिक प्रतिकृतियाँ

अजमल खां पार्क के वेस्ट टू आर्ट थीम पर आधारित हेरीटेज पार्क में 200 टन कबाड़ सामग्री से भारत के ऐतिहासिक इमारतों और स्थलों की प्रतिकृतियाँ बनाई गई हैं। इसमें लाल किला, अहमदाबाद का तीन दरवाजा, मध्य प्रदेश का विष्णु मंदिर, कर्नाटक का दुर्गा मंदिर, जयपुर का अमेर किला, पश्चिम बंगाल का शांतिनिकेतन, गुजरात का चंपनेर, आगरा का किला, बिहार का महाबोधी मंदिर सहित अन्य स्थानों की प्रतिकृतियाँ शामिल हैं।

अन्य आकर्षण

पार्क में कोर्णाक चक्र, धर्म चक्र, हंपी चक्र, एनीसेंट व्हील चक्र जैसे थ्री डी व्हील भी हैं। कुल मिलाकर 20 कलाकृतियाँ और पांच चक्र हैं। इसके अलावा, 22 हजार से अधिक सजावटी पौधे लगाए गए हैं ताकि लोग आकर्षित हो सकें। यह पार्क 3.5 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है। सांसद मीनाक्षी लेखी ने अपने सांसद निधि से इसके लिए फंड उपलब्ध कराया था।