दिल्ली में BJP का रोजगार मेला:10,000 युवाओं को रोजगार देने का किया वादा

दिल्ली में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने युवाओं को आकर्षित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित संपर्क भारती के सहयोग से बीजेपी ने एक विशाल जॉब फेयर का आयोजन किया।

इस रोजगार मेले में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, सांसद हर्ष मल्होत्रा, पूर्व सांसद मीनाक्षी लेखी, पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा और अन्य प्रमुख नेता मंच पर मौजूद थे। बीजेपी का दावा है कि इस रोजगार मेले से दिल्ली के युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

100+ कंपनियां एक साथ, 1600 बच्चों को मिली नौकरी

रोजगार मेले में 100 से अधिक कंपनियां एक छत के नीचे मौजूद थीं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस मौके पर आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर आप सरकार पिछले 10 वर्षों में रोजगार मुहैया कराती, तो बीजेपी को इस मेले का आयोजन नहीं करना पड़ता।

उन्होंने यह भी कहा कि आप सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की बजाय उन्हें शराब बांटी। लेकिन अब, इस रोजगार मेले के जरिए 1600 बच्चों को एक दिन में नौकरी मिल रही है।

आप सरकार की योजनाओं पर बीजेपी का हमला

सांसद हर्ष मल्होत्रा ने आप सरकार की मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना पर सवाल उठाए और कहा कि एक हजार रुपये की घोषणा से महिलाओं को कोई राहत नहीं मिली, इसलिए राशि को बढ़ाकर 2100 रुपये किया गया। उन्होंने न्त्कल महिलाओं को राशि देने की मांग की। बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को अपनाते हुए बीजेपी लाखों बच्चों को रोजगार दे रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने किया आप सरकार की नीतियों का विरोध

नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आप सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया और उनकी विफलताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आप सरकार के 10 सालों में कोई ठोस काम नहीं हुआ। दिल्ली की जनता को पीने का पानी तक नहीं मिल सका। गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आप सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से चौपट कर दिया है।

चुनावी स्टंट या जिम्मेदारी?

पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के युवाओं को एक भी रोजगार नहीं दिया। आज, बीजेपी 10,000 युवाओं को रोजगार के अवसर दे रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रोजगार मेला बीजेपी का चुनावी स्टंट नहीं है, बल्कि यह पार्टी की जिम्मेदारी का हिस्सा है।

क्वालिफिकेशन के अनुसार नौकरी के अवसर

रजिस्ट्रेशन के बाद, युवाओं की क्वालिफिकेशन और रेज़्यूमे के आधार पर उन्हें विभिन्न कंपनियों में नौकरी के अवसर दिए जाएंगे। बीजेपी का यह कदम युवाओं को रोजगार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो आगामी विधानसभा चुनावों में युवाओं को आकर्षित करने का एक बड़ा प्रयास है।