दिल्ली में बरसात के बाद अब गर्मी दिखा रही है भीषण रूप, इन राज्यों में भी मचाया कहर

देश भर में गर्मी का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। वहीं, यूपी, बिहार और दक्षिण भारत में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। विदर्भ, मराठवाड़ा, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तरी मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।

बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों में गर्मी का कहर

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार, झारखंड, पूर्वी यूपी, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, उत्तराखंड, विदर्भ और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस ऊपर है।

आंध्र प्रदेश, ओडिशा और अन्य स्थानों पर तापमान 44 डिग्री के पार

मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश के नान्दयाल में तापमान 44.3 डिग्री, तिरुपति में 43.2 डिग्री, ओडिशा के बारीपड़ा में 44.2 डिग्री और अन्य कई स्थानों पर 44 डिग्री से अधिक तापमान दर्ज किया गया। आज भी यहां ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

इन राज्यों में चल रही है लू

मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और ओडिशा में 23 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। सौराष्ट्र-कच्छ, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भी हीटवेव की संभावना है।

दिल्ली में 39.4 डिग्री तापमान

दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से तीन डिग्री अधिक है। आईएमडी के अनुसार, इस साल गर्मी के मौसम में यह अब तक का सबसे अधिक तापमान है। शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 और 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकते हैं।

कहां-कहां हो सकती है बारिश

पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश या बर्फबारी की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज के साथ छिटपुट बारिश या बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।