दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ी सौगात,अरविंद केजरीवाल ने 24 घंटे पानी की सप्लाई नए ट्यूबवेल लगाने की घोषणा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राजधानी के लोगों के लिए 24 घंटे टोटी से साफ पानी की सप्लाई की शुरुआत की। केजरीवाल ने यह शुरुआत राजेंद्र नगर इलाके से की, जहां उन्होंने घरों में जाकर नल से पानी पीकर इसकी गुणवत्ता का परीक्षण भी किया। उनका कहना था, “आज बड़ा दिन है, यह हमारे लिए सपने के सच होने जैसा है।”

वादा पूरा, 95% दिल्ली में पाइपलाइन से पानी

2015 में जब दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी संभाली थी, तब राजधानी में 50-60% पानी टैंकरों से आता था, लेकिन अब 95% घरों में पाइपलाइन से पानी पहुंचने लगा है। केजरीवाल ने कहा, “हमने दिल्ली में पानी की सप्लाई का जो सपना देखा था, आज उसकी शुरुआत हो रही है।”

खुद पीकर किया पानी की गुणवत्ता का परीक्षण

केजरीवाल ने इस कदम को और महत्वपूर्ण बनाने के लिए राजेंद्र नगर में कुछ घरों में जाकर नल खोला और खुद पानी पीकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया। उन्होंने कहा, “हमने 2020 में वादा किया था कि पूरी दिल्ली में कुछ सालों में 24 घंटे साफ पानी मिलेगा, और आज उसी दिशा में यह कदम उठाया गया है।”

नल से पानी की सप्लाई के साथ-साथ नए ट्यूबवेल लगाने की घोषणा

केजरीवाल ने 24 घंटे पानी के सप्लाई की शुरुआत के साथ ही एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 2,500 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे, जिससे पानी की आपूर्ति को और मजबूत किया जाएगा।

बीजेपी और कांग्रेस के आरोपों का जवाब

हाल ही में दिल्ली में गंदे पानी की आपूर्ति की कई शिकायतें आई थीं, जिससे लोग बीमार हो रहे थे। इस पर भाजपा और कांग्रेस ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाए थे। इस मुद्दे पर केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार काम करके दिखाती है, न कि जुबानी जुमलेबाजी करती है।

2024 के चुनावों से पहले अहम पहल

दिल्ली चुनावों की नजदीकी को देखते हुए, यह कदम आम आदमी पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक वादा भी है, जिसे उन्होंने पूरा किया है। केजरीवाल का कहना है कि उनका मकसद दिल्लीवासियों को हर हाल में 24 घंटे टोटी से साफ पानी की सप्लाई देना है, जिससे जनता की चिंता कम हो सके।